खैरागढ़. आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में 28 नवंबर, शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा खैरागढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे को आगामी नगरीय निकाय चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान वे युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे तथा युवाओं में जोश भरते हुए जीत की रणनीति साझा करेंगे।
जिला भाजयुमो अध्यक्ष आयश सिंह ने बताया कि राहुल टिकरिहा शाम 6 बजे पिपरिया स्थित जिला भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे। यहां जिला युवा मोर्चा के पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद भाजपा कार्यालय में युवा मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर युवाओं की भूमिका, संगठन की सक्रियता और चुनावी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष खैरागढ़ के राजा फतेह सिंह खेल मैदान पहुंचेंगे, जहां आयोजित खैरागढ़ सुपर लीग रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता में शामिल होंगे। इसके पश्चात वे छुईखदान में आयोजित युवा मोर्चा कप क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर अतिथि शिरकत करेंगे।
पूरे दौरे के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, दिनेश वर्मा, ललित चोपड़ा, आयश सिंह, नवीन चंद्राकर सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।



