खैरागढ़. संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में गुरुवार को गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भारतीय संविधान के शिल्पी भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को नमन करते हुए संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। आयोजन की अध्यक्षता प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने की, जबकि जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने 'बाबा साहेब अमर रहें' के जयकारे लगाते हुए उनके योगदान को याद किया।
मुख्य वक्ता विक्रांत सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान महज एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, न्याय और स्वतंत्रता प्रदान करने वाला सशक्त मार्गदर्शक ग्रंथ है। संविधान निर्माताओं की दूरदृष्टि और संघर्षों के परिणामस्वरूप ही आज देश में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित कर्तव्यों और मूल्यों का पालन करते हुए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
अध्यक्षीय संबोधन में घम्मन साहू ने संविधान की प्रस्तावना और लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू ने कहा कि संविधान दिवस समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान और समतामूलक समाज के निर्माण की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य दिनेश वर्मा, शशांक ताम्रकार, गिरजा चन्द्राकर, विकेश गुप्ता, आयश सिंह, जीवन देवांगन, विनय देवांगन, अजय जैन, नीलिमा गोस्वामी, कमलेश कोठले, गोरेलाल वर्मा, आलोक श्रीवास, पंकज सिंह, रामाधार रजक, डॉ. पीताम्बर वर्मा, नोमेश वर्मा, देविन बाई कोठले एवं ऋषि सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने और राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ हुआ।



