खैरागढ़. नगर पालिका चुनाव की आहट के साथ ही शहर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। सभी राजनीतिक दल जनता के बीच पहुंचकर अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। इसी कड़ी में भाजपा ने नगर के सभी 20 वार्डों में दीपावली मिलन समारोह के आयोजन के जरिए जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इन आयोजनों में जहां जनता से सीधा संवाद किया जा रहा है, वहीं खेल, नाचा और गीत-संगीत जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से वार्डवासियों का मनोरंजन भी किया जा रहा है।

इसी क्रम में बुधवार को वार्ड क्रमांक 12 अमलीपारा में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। वार्ड के पार्षद और वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा नंद चंद्राकर लगातार दूसरी बार यहां से पार्षद निर्वाचित हुए हैं। कार्यक्रम में वार्डवासियों के मनोरंजन के लिए ग्राम कांचरी की नाचा पार्टी ने रंगारंग प्रस्तुति दी। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह शामिल हुए। वहीं प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा सहित भाजपा पार्षद, पार्टी पदाधिकारी, नेता और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। पार्षद एवं नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा नंद चंद्राकर ने स्वागत भाषण देकर अतिथियों का अभिनंदन किया।
अमलीपारा के समर्थन को बताया अपनी राजनीतिक ताकत
मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह ने अपने संबोधन में अमलीपारा से जुड़े पुराने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब उन्होंने राजनीति की शुरुआत में नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जनता से आशीर्वाद मांगा था, तब अमलीपारा के लोगों ने कभी उन्हें निराश नहीं किया। आज वे अपने परिवार के बीच दीपावली मिलन समारोह में पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष से लेकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष तक के राजनीतिक सफर में जिस वार्ड ने उन पर सबसे अधिक विश्वास और समर्थन जताया, वह अमलीपारा ही है।

उन्होंने विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि इसी वार्ड से विधायक प्रत्याशी होने के बावजूद इस वार्ड के लोगों ने उन्हें भरपूर समर्थन दिया, जिसके कारण वे हमेशा अमलीपारा के ऋणी रहेंगे। उन्होंने वार्डवासियों द्वारा गिरिजा नंद चंद्राकर को लगातार दो बार पार्षद चुनने का उल्लेख करते हुए कहा कि बिना अपने व्यवहार और कार्यशैली में बदलाव किए उन्होंने आठ साल तक पार्षद और दो साल तक नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में क्षेत्र की सेवा की है।

विक्रांत सिंह ने कहा कि आने वाला चुनाव केवल राजनीतिक दलों का नहीं, बल्कि जनता के जरूरी मुद्दों और उनके अपने भविष्य का चुनाव है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अमलीपारा से भाजपा को अब तक मिलता रहा समर्थन इस बार भी बरकरार रहेगा। इस दौरान उन्होंने वार्ड में भाजपा शासन और नगर पालिका के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि वार्ड में 250 से अधिक प्रधानमंत्री आवास बन चुके हैं।
समारोहों के बहाने चुनावी माहौल बनाने की कोशिश

नगर के सभी 20 वार्डों में दीपावली मिलन समारोह आयोजित कर रही भाजपा इन कार्यक्रमों के जरिए संगठन और जनता के बीच संपर्क मजबूत करने के साथ चुनावी जमीन तैयार करने में जुटी है। सांस्कृतिक आयोजनों और नेताओं के सीधे संवाद के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचने की यह रणनीति आगामी नगर पालिका चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि, दीपावली मिलन समारोहों के जरिए भाजपा जनता का कितना विश्वास और समर्थन हासिल कर पाती है, इसका जवाब आने वाले चुनाव में ही मिलेगा।



