खैरागढ़. छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव 29 नवंबर, रविवार को जिला मुख्यालय खैरागढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ नगर पालिका क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। उनके दौरे को आगामी नगर पालिका चुनाव के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, उप मुख्यमंत्री अरुण साव सुबह 11 बजे भाजपा के जनप्रतिनिधियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का श्रवण करेंगे। इसके बाद नगर पालिका क्षेत्र में प्रस्तावित करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। दौरे का एक प्रमुख आकर्षण टिकरापारा क्षेत्र में वर्षों से लंबित उच्चस्तरीय पुल निर्माण का भूमिपूजन भी होगा। इस पुल की मांग लंबे समय से की जा रही थी। ऐसे में इसके निर्माण की शुरुआत से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर पालिका चुनाव की सरगर्मी के बीच उप मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक और विकास दोनों दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है। करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात और लंबे समय से लंबित पुल निर्माण की शुरुआत का आगामी चुनाव में कितना असर पड़ेगा, यह आने वाला वक्त बताएगा।
अरुण साव के साथ सांसद संतोष पांडे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, घम्मन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासियों की मौजूदगी भी संभावित है।



