खैरागढ़. खैरागढ़ सुपर लीग 2026-27 रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का आज भव्य आगाज हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत राम वर्मा, नगर पालिका सभापति अजय जैन, आलोक श्रीवास, भाजपा जिला महामंत्री शशांक ताम्रकार, मंजीत सिंह, धर्मेंद्र सांखला एवं खैरागढ़ के पूर्व थाना प्रभारी अनिल शर्मा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। अतिथियों की उपस्थिति में प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला पत्रकार 11 और नगर पालिका 11 के बीच खेला गया। नगर पालिका 11 ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पत्रकार 11 की टीम ने निर्धारित 6 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 65 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी नगर पालिका 11 की टीम ने मुकाबले को आखिरी ओवर तक रोमांचक बनाए रखा, लेकिन जीत की दहलीज तक नहीं पहुंच सकी। टीम निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 62 रन ही बना पाई। इस तरह पत्रकार 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नगर पालिका 11 को 4 रनों से पराजित कर प्रतियोगिता का विजयी आगाज किया। उद्घाटन मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल प्रेमियों को रोमांचक क्रिकेट का आनंद दिया। रात्रिकालीन प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही खैरागढ़ में क्रिकेट का उत्साह देखने को मिला।




