खैरागढ़. जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के साथ केसीजी पुलिस ने जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की। एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 7 अलग-अलग प्रकरणों में जब्त कुल 3.957 किलोग्राम गांजा को जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति के माध्यम से विधिवत नष्ट कराया गया।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय अटल नगर नवा रायपुर द्वारा जिलों में जब्त मादक पदार्थों के सुरक्षित एवं विधिसम्मत नष्टीकरण के लिए जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति का गठन किया गया है। इसी क्रम में केसीजी जिले की समिति ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरणों की समीक्षा की। इसके बाद 7 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण के लिए माननीय न्यायालय से विधिवत अनुमति प्राप्त की गई।
इसी अनुमति के आधार पर 27 नवंबर को जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति के सदस्यों एवं पंचों की उपस्थिति में बीबीसी राइस मिल, ग्राम चिखलदाह में नष्टीकरण की कार्रवाई की गई। इस दौरान जब्त 3.957 किलोग्राम गांजा को बॉयलर के माध्यम से जलाकर नष्ट किया गया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मादक पदार्थों के अवैध व्यापार और नशे के खिलाफ केसीजी पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



