खैरागढ़. नगर पालिका चुनाव की उल्टी गिनती शुरू होते ही खैरागढ़ की सियासत में हलचल तेज हो गई है। संभावित कार्यक्रम के अनुसार 20 से 25 दिसंबर के बीच चुनाव संपन्न हो सकते हैं, जबकि नवंबर के अंतिम सप्ताह अथवा दिसंबर के पहले सप्ताह में आचार संहिता लागू होने की संभावना जताई जा रही है। चुनाव की आहट के साथ ही कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों में पार्षद एवं अध्यक्ष पद के लिए दावेदारों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। कई दावेदारों ने पार्टी संगठन के समक्ष आवेदन प्रस्तुत करने के साथ ही सोशल मीडिया पर भी प्रचार शुरू कर दिया है।
अध्यक्ष पद की दावेदारी में कांग्रेस की ओर से यशेश सिंह की धर्मपत्नी डॉ. श्रुति यशेश सिंह का नाम लगभग तय माना जा रहा है। वहीं भाजपा की ओर से करीब छह दावेदारों के नाम सामने आ रहे हैं। भाजपा में प्रत्याशी चयन को लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है, लेकिन इन सबके बीच जिला भाजयुमो अध्यक्ष आयश सिंह की धर्मपत्नी सुकृति आयश सिंह के नाम की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है।
दो कार्यकाल कांग्रेस का कब्जा, जोड़तोड़ से भाजपा ने हासिल की थी कुर्सी
गौरतलब है कि खैरागढ़ नगर पालिका में लगातार दो कार्यकाल तक कांग्रेस का अध्यक्ष पद पर कब्जा रहा है। हालांकि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद वर्ष 2024 में नगर पालिका के भीतर राजनीतिक जोड़तोड़ के समीकरण बने और भाजपा ने अध्यक्ष पद अपने कब्जे में कर लिया। पिछले दो वर्षों से गिरिजा नंद चंद्राकर नगर पालिका अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। इधर, हाल ही में संपन्न नगर पंचायत चुनावों में भाजपा को छुईखदान और गंडई की सीट गंवानी पड़ी है। ऐसे में खैरागढ़ नगर पालिका का चुनाव भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन सकता है। पार्टी किसी भी सूरत में इस सीट को आसानी से गंवाना नहीं चाहेगी। यही वजह है कि अध्यक्ष पद के लिए मजबूत और जिताऊ चेहरे के चयन पर संगठन की विशेष नजर रहेगी। भाजपा नगर पालिका चुनाव को आगामी विधानसभा चुनाव के सेमीफाइनल के रूप में भी देख रही है।
आयश सिंह की युवाओं में पकड़, सुकृति के नाम पर बढ़ी चर्चा
नगर पालिका चुनाव में भाजपा के संभावित चेहरों के बीच आयश सिंह की धर्मपत्नी सुकृति आयश सिंह का नाम खासा चर्चा में है। आयश सिंह लगातार दूसरी बार जिला भाजयुमो अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। छात्र जीवन से ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से राजनीति में सक्रिय हुए आयश सिंह भाजपा संगठन में भी लगातार अपनी भूमिका निभाते आ रहे हैं। नगर के सभी 20 वार्डों में युवाओं की बड़ी टीम और विभिन्न वर्गों के बीच उनकी अच्छी पकड़ को उनकी मजबूत राजनीतिक पूंजी माना जा रहा है।
ऐसे में यदि भाजपा आयश सिंह की पत्नी सुकृति आयश सिंह पर अध्यक्ष पद के लिए दांव खेलती है तो पार्टी को उनके पति के संगठनात्मक अनुभव, युवाओं के बीच मजबूत पकड़ और राजनीतिक संपर्कों का फायदा मिल सकता है। हालांकि सुकृति आयश सिंह का स्वयं का कोई प्रत्यक्ष राजनीतिक अनुभव नहीं रहा है, लेकिन महिलाओं के बीच भी उनके नाम को लेकर चर्चा हो रही है। ऐसे में भाजपा के सामने एक तरफ युवा नेतृत्व से जुड़े परिवार को मौका देने का विकल्प है तो दूसरी तरफ अन्य अनुभवी दावेदार भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
अनुभव बनाम नए चेहरे पर भाजपा का मंथन!
कांग्रेस की ओर से डॉ. श्रुति यशेश सिंह का नाम चर्चा में है, वहीं भाजपा में सुकृति आयश सिंह सहित करीब छह दावेदार अपनी दावेदारी जता रहे हैं। ऐसे में मुकाबला केवल चेहरों का नहीं, बल्कि राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक पकड़, युवाओं और महिलाओं के बीच प्रभाव तथा चुनावी समीकरणों का भी होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा आयश सिंह के लंबे राजनीतिक अनुभव, नगर के हर वार्ड में युवाओं की मजबूत टीम और विभिन्न वर्गों में उनकी पकड़ को देखते हुए उनकी पत्नी सुकृति को मौका देती है या फिर किसी अन्य दावेदार पर भरोसा जताती है। फिलहाल अध्यक्ष पद को लेकर खैरागढ़ की राजनीतिक चर्चाओं में सुकृति आयश सिंह का नाम लगातार सुर्खियां बटोर रहा है।



