खैरागढ़. आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान 'सुरक्षित आहार-हमर अधिकार' चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 26 नवंबर को अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में जिला खैरागढ़ में संचालित चार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मंडल एग रोल सेंटर से खाद्य पदार्थों के कुल तीन नमूने संकलित किए गए। इनमें टोमेटो सॉस, ग्रीन चिली सॉस एवं मैदे से बनी रोटी के नमूने शामिल हैं। इन नमूनों को जांच के लिए लिया गया है, ताकि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं मानकों की जांच की जा सके।

निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को आवश्यक साफ-सफाई बनाए रखने, बासी एवं कालातीत (एक्सपायरी) खाद्य सामग्री का विक्रय और भंडारण नहीं करने तथा खाद्य सुरक्षा अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) एवं पंजीयन को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने बताया कि अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिल सके।



