खैरागढ़. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की खेल प्रतिभाएं अब राज्य स्तर पर अपनी ताकत और हुनर का प्रदर्शन करने जा रही हैं। 18वीं राज्य एलीट बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए जिले के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों समीर कुमार और लालेंद्र यादव का चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी 70 से 75 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। खास बात यह है कि दोनों खिलाड़ी बड़गांव नवागांव के निवासी हैं।
भिलाई के जवाहर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, हाउसिंग बोर्ड में 26 नवंबर से आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रतियोगिता से पहले 24 नवंबर को प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। शिविर में खिलाड़ियों को बॉक्सिंग की तकनीकी बारीकियों, शारीरिक फिटनेस और मुकाबले के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने के लिए आवश्यक खेल कौशल का प्रशिक्षण दिया गया।
भागवत शरण सिंह और अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
शिविर प्रभारी एवं केसीजी बॉक्सिंग सचिव प्रखर मिश्रा ने जिला बॉक्सिंग टीम को जिला अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह तथा जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र देवांगन के समक्ष प्रस्तुत किया। इस दौरान भागवत शरण सिंह सहित उपस्थित अधिकारियों एवं पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने के लिए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया।
प्रखर मिश्रा के प्रयासों से जिले में बढ़ रहा बॉक्सिंग का दायरा
जिले में बॉक्सिंग खेल को नई पहचान दिलाने और युवाओं को इस खेल से जोड़ने की दिशा में बॉक्सिंग सचिव एवं शिविर प्रभारी प्रखर मिश्रा के प्रयासों की सराहना की गई। उनके निरंतर प्रयासों से जिले में बॉक्सिंग के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। साथ ही युवाओं को प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल रहा है। नई खेल प्रतिभाओं को तैयार करने की यह पहल जिले में बॉक्सिंग के विकास के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बालिका खिलाड़ियों को भी बॉक्सिंग से जोड़ने की तैयारी
ओलंपिक खेलों में शामिल बॉक्सिंग में खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की व्यापक संभावनाएं हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले में आगामी सत्र के दौरान प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान, नियमित प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में सहभागिता बढ़ाने के लिए विशेष योजनाएं तैयार की जाएंगी। इसके तहत बालिका खिलाड़ियों की प्रतिभा की स्काउटिंग कर उन्हें भी बॉक्सिंग से जोड़ने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और जिले में खेल का मजबूत आधार तैयार करने पर जोर दिया जाएगा।
फेडरेशन के भावी रोडमैप एवं विजन के अनुरूप प्रतिभा खोज, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में सहभागिता के माध्यम से जिले से राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र देवांगन, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष आलोक श्रीवास, सहायक संचालक मनोहर चंदेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



