खैरागढ़. छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग, मंत्रालय महानदी भवन के आदेशानुसार प्रदेश में संचालित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के छह सेजेस विद्यालयों में रिक्त 25 पदों के लिए खुली काउंसलिंग प्रक्रिया आयोजित की गई। 25 नवंबर 2026 को दस्तावेज सत्यापन के बाद 27 नवंबर को चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग कर नियुक्ति आदेश जारी किए गए।
कलेक्टर एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय संचालन समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के अनुमोदन के बाद काउंसलिंग प्रक्रिया संपन्न हुई। रिक्त पदों के विरुद्ध राज्य कार्यालय से कुल 23 अभ्यर्थियों की चयन सूची प्राप्त हुई थी। दस्तावेज सत्यापन के दौरान हिंदी माध्यम की योग्यता रखने वाले दो अभ्यर्थी निर्धारित पात्रता पूरी नहीं करने के कारण अपात्र पाए गए। इस तरह शेष 21 अभ्यर्थी पात्र घोषित किए गए, जिनमें से 18 काउंसलिंग में उपस्थित हुए, जबकि तीन अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
काउंसलिंग के दौरान रिक्त पदों की विद्यालयवार सूची ऑनलाइन माध्यम से प्रदर्शित की गई। उपस्थित अभ्यर्थियों ने अपनी पसंद के विद्यालयों का चयन कर सहमति पत्र प्रस्तुत किया। पूरी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की सूची का कलेक्टर से अनुमोदन प्राप्त किया गया। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सभी 18 उपस्थित चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर कलेक्टर ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें जल्द से जल्द आवंटित विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण कर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, डिप्टी कलेक्टर एवं कलेक्टर प्रतिनिधि पूजा पिचा, आदिम जाति कल्याण विभाग के आयुक्त स्वर्णिम शुक्ला, जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी खैरागढ़ नीलम राजपूत, विकासखंड शिक्षा अधिकारी छुईखदान गिरेन्द्र कुमार सुधाकर, सहायक संचालक एवं सेजेस भर्ती नोडल मनोहर लाल चंदेल तथा सेजेस कन्या खैरागढ़ के प्राचार्य कमलेश्वर सिंह उपस्थित रहे। संपूर्ण प्रक्रिया के सफल संचालन में व्याख्याता एवं सेजेस भर्ती सहायक नोडल पवन कुमार ददरया का विशेष सहयोग रहा।



