खैरागढ़. छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस में संगठनात्मक मजबूती और विस्तार की दिशा में बड़ा फेरबदल किया गया है। राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा की सहमति से प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने प्रदेश के 17 जिलों में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति का आदेश जारी किया है। जारी नियुक्ति सूची में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले से आरती रिंकू महोबिया के नाम पर एक बार फिर मुहर लगी है। उन्हें दोबारा जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आरती रिंकू महोबिया की पुनर्नियुक्ति को संगठन में उनके प्रति विश्वास और निरंतर सक्रियता की अहमियत के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें दोबारा जिम्मेदारी सौंपकर जिले में महिला कांग्रेस को मजबूत करने और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की अपेक्षा जताई है।

उनकी पुनर्नियुक्ति की खबर सामने आते ही जिले के कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। विभिन्न नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जिला महिला कांग्रेस संगठन और अधिक सक्रिय एवं मजबूत होगा।



