खैरागढ़. भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के आदर्शों को जीवंत रखने वाला राष्ट्र का आधार है। इसी संदेश के साथ नगर के ऐतिहासिक अंबेडकर चौक में 26 नवंबर की शाम 6:30 बजे संविधान दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बौद्ध उपासक-उपासिकाओं सहित नगरवासियों ने सहभागिता निभाई और संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात पंचशील एवं त्रिशरण का पाठ किया गया। उपस्थितजनों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान के आदर्शों, मूल्यों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

विचार अभिव्यक्ति के दौरान समाज के वरिष्ठ व्ही.आर. पाटिल ने कहा कि आज हम जिस सम्मान और अधिकार के साथ एकत्रित हैं, वह संविधान की ही देन है। प्रत्येक नागरिक को संविधान के महत्व को समझने के साथ उसका सम्मान करना चाहिए। समाज के संरक्षक मधुकर चोखान्दे ने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान का निर्माण किसी एक जाति या वर्ग के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण देशवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए किया है। संविधान दिवस को पूरे समाज और देश के प्रत्येक नागरिक को मिलकर मनाना चाहिए।
पूर्व अध्यक्ष भोजराज ऊके ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान को देश की एकता और समानता का मजबूत आधार बताया। समाज के सचिव विमल बोरकर ने कहा कि ऐतिहासिक अंबेडकर चौक में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति संविधान के प्रति सम्मान और जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने उपस्थितजनों का आभार भी व्यक्त किया। समाज के सदस्य सर्वेश मेश्राम ने संविधान को सर्वोपरि बताते हुए मौलिक अधिकारों के महत्व पर प्रकाश डाला।
पत्रकार राजू यदु ने कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षा, समानता, महिलाओं के अधिकार और सामाजिक न्याय का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने बच्चों को अधिक से अधिक शिक्षित करने तथा संविधान की प्रस्तावना को पढ़ने और समझने की अपील की। समाजसेवी वंदना टाडेकर ने भी बाबा साहेब को नमन करते हुए सामूहिक रूप से संविधान दिवस मनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी जहीन खान ने किया तथा आभार प्रदर्शन भोजराज ऊके ने किया। इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष उत्तम बागड़े, समसुहोदा खान, अनिल सहारे, शशि रामटेक, आशीष मेश्राम, सुरेश चौरे, अमित वानखेड़े, नंदा नागदेव, निवेदिता बोमले, मंगल सारथी, सुमित टांडिया, ज्योति मेश्राम, छाया चौरे, मुस्कान चौरे, निधि चौरे, आयुष चौरे, लावण्या बोरकर सहित बड़ी संख्या में बौद्ध उपासक-उपासिकाएं एवं नगरवासी उपस्थित रहे।



