खैरागढ़. भारतीय जनता पार्टी की सरकार में आम जनता के साथ-साथ किसानों को भी नई व्यवस्थाओं के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा AgriStack एवं Framework for Fertilizer Sale (FFS) प्रणाली लागू की जा रही है, लेकिन इस डिजिटल व्यवस्था के तहत किसानों को उनके पंजीकृत रकबे और फसल संबंधी ऑनलाइन जानकारी के आधार पर खाद उपलब्ध कराने से नई समस्याएं खड़ी हो गई हैं।
पूर्व सांसद प्रतिनिधि लोकसभा राजनांदगांव एवं पूर्व विधायक प्रतिनिधि विधानसभा खैरागढ़ कपिनाथ महोबिया ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन किसानों के ऑनलाइन रिकॉर्ड में कम रकबा दर्ज है अथवा वास्तविक खेती और सरकारी रिकॉर्ड में अंतर है, उन्हें जरूरत के मुताबिक खाद नहीं मिल पा रही है। इसका असर चना, गेहूं सहित अन्य फसलों की खेती पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि खेती में खाद की आवश्यकता केवल जमीन के रकबे पर निर्भर नहीं करती, बल्कि फसल के प्रकार, मिट्टी की स्थिति, सिंचाई और उत्पादन लक्ष्य के अनुसार भी बदलती है। कई बार निर्धारित सीमा से अधिक खाद की जरूरत होती है, लेकिन ऑनलाइन सिस्टम में तय मात्रा के कारण किसान अतिरिक्त खाद प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं।
महोबिया ने कहा कि छोटे एवं सीमांत किसानों के साथ बड़े किसानों को भी इस समस्या से जूझना पड़ रहा है। विशेषकर जिन किसानों के भूमि रिकॉर्ड अपडेट नहीं हैं, संयुक्त खाते हैं अथवा वास्तविक खेती और दर्ज रकबे में अंतर है, उन्हें खाद लेने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने हाल ही में आए चक्रवाती तूफान से धान की फसल को हुए भारी नुकसान का मुद्दा उठाते हुए प्रभावित किसानों को फसल बीमा और उचित मुआवजा देने की मांग भी की।
उन्होंने सरकार से मांग की कि खाद वितरण में AgriStack के आंकड़ों के साथ किसानों की वास्तविक खेती और फसल की जरूरतों को भी प्राथमिकता दी जाए। यदि किसी किसान को निर्धारित मात्रा से अधिक खाद की आवश्यकता है तो कृषि विभाग के सत्यापन के बाद उसे अतिरिक्त खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था होनी चाहिए।
महोबिया ने कहा कि डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य पारदर्शिता लाना और कालाबाजारी रोकना है, लेकिन तकनीकी नियमों के कारण वास्तविक किसान अपनी जरूरत से वंचित नहीं होने चाहिए। एक ओर छत्तीसगढ़ सरकार किसान हितैषी होने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर नए-नए नियम किसानों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। सरकार को डिजिटल व्यवस्था लागू करने के साथ किसानों की वास्तविक कृषि जरूरतों का भी ध्यान रखना चाहिए।



