खैरागढ़. नगर पालिका चुनाव को लेकर शहर में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। अध्यक्ष और पार्षद पद के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों से दावेदारों के नाम लगातार सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 18 डॉ. भीमराव अंबेडकर वार्ड से वरिष्ठ कांग्रेस नेता जफर हुसैन खान की धर्मपत्नी निगार जफर खान ने कांग्रेस से पार्षद पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज को आवेदन सौंपकर पार्टी से टिकट की मांग की है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में इस वार्ड से कांग्रेस के ही पार्षद हैं।
निगार जफर खान शिक्षा के क्षेत्र में करीब 44 वर्षों तक अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्होंने सहायक शिक्षिका, व्याख्याता और प्रभारी प्रधानपाठिका के रूप में कार्य किया। वर्ष 2025 में हाईस्कूल भरदाकला से सेवानिवृत्त हुईं निगार जफर खान को उनके उत्कृष्ट शिक्षकीय कार्यों के लिए राज्यपाल पुरस्कार और राष्ट्रपिता पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ शिक्षक कांग्रेस संघ की प्रांतीय उपाध्यक्ष भी हैं।
सेवानिवृत्ति के बाद वार्डवासियों की सेवा का संकल्प
पार्षद चुनाव लड़ने की मंशा बताते हुए निगार जफर खान ने कहा कि 44 वर्षों तक शिक्षिका के रूप में बच्चों का भविष्य संवारने के बाद अब उनकी इच्छा अपने वार्ड के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करने की है। सेवानिवृत्ति के बाद वार्डवासी ही उनका परिवार हैं और अब उनके प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड की सड़क, नाली और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं को दूर करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही वार्ड की सबसे बड़ी मांग पट्टा की समस्या का निराकरण कराने के लिए भी वे भरपूर प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह अपने शिक्षकीय कार्यकाल में स्कूलों को आदर्श बनाया, उसी तरह पार्षद बनने पर वार्ड को आदर्श वार्ड बनाने का प्रयास करेंगी। उनका कहना है कि कांग्रेस पार्टी यदि उन्हें अवसर देती है तो वे पूरी शिद्दत और समर्पण के साथ जनता की सेवा करेंगी।
बिना पद के भी लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रयास
वहीं वार्डवासियों का कहना है कि निगार जफर खान एक शिक्षित और अनुभवी प्रत्याशी हैं। पार्षद नहीं होने के बावजूद वे वार्ड के लोगों की समस्याओं को सुनती हैं और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करती हैं। वार्डवासी उन्हें अपने प्रतिनिधि के रूप में देखना चाहते हैं।
जफर हुसैन खान का भी रहा है लंबा राजनीतिक अनुभव
निगार जफर खान के पति जफर हुसैन खान कांग्रेस के वरिष्ठ और दिग्गज नेताओं में गिने जाते हैं। अविभाजित मध्यप्रदेश के समय वे राजनांदगांव जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव रह चुके हैं। इसके अलावा शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। ऐसे में निगार जफर खान की दावेदारी के साथ उनके पति का लंबा राजनीतिक अनुभव भी चर्चा में है। अब निगाहें कांग्रेस संगठन के निर्णय पर टिकी हैं कि क्या पार्टी उनके अनुभव, शैक्षणिक पृष्ठभूमि और वार्ड में सक्रियता को देखते हुए वार्ड क्रमांक 18 से उन्हें प्रत्याशी बनाने का अवसर देती है।



