खैरागढ़. मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 21 तीर्थयात्री शुक्रवार को बोधगया, सारनाथ और नालंदा की यात्रा पर रवाना हुए। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने खैरागढ़ स्थित कलेक्टोरेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों के दल को रवाना किया और सभी की सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
रवानगी से पहले कलेक्टोरेट परिसर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने तीर्थयात्रियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। इसके बाद स्वल्पाहार कराकर उन्हें विदाई दी गई। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ओर से आप सभी को तीर्थयात्रा पर भेजा जा रहा है। उन्होंने यात्रियों से बोधगया, सारनाथ और नालंदा जैसे धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व के स्थलों का दर्शन करने और यात्रा का आनंद लेने की अपील की।

छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में जिले के चयनित 21 यात्रियों के लिए इस यात्रा की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से पात्र वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व के तीर्थस्थलों के भ्रमण का अवसर प्रदान किया जाता है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू, विकेश गुप्ता, नंदकुमार चंद्राकर, पार्षद रूपेंद्र रजक तथा समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक कमलेश कुमार पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



