संभागीय युवा संसद में खैरागढ़ की बेटियों ने लहराया परचम, स्वामी आत्मानंद कन्या शाला को मिला द्वितीय स्थान
नेतृत्व क्षमता और संसदीय समझ का दिखाया दम, भागवत शरण सिंह व जिला शिक्षा अधिकारी ने छात्राओं की उपलब्धि को सराहा
खैरागढ़। संभाग स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में स्वामी आत्मानंद शासकीय कन्या शाला की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया है। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे जिले का गौरव बढ़ा है। इस सफलता पर आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने छात्राओं की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और भविष्य में इससे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला मुख्य आयुक्त, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि युवा संसद जैसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच, संवाद कौशल और लोकतांत्रिक मूल्यों को विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। छात्राओं की यह सफलता उनके परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। ऐसे मंच उनके व्यक्तित्व को निखारने के साथ भविष्य के नेतृत्वकर्ता तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने कहा कि संभाग स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करना विद्यालय और जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। युवा संसद के माध्यम से विद्यार्थियों को संसदीय कार्यप्रणाली, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े विषयों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने छात्राओं की मेहनत और प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने तथा नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर पूर्व एल्डरमेन आलोक श्रीवास, सहायक संचालक मनोहर चंदेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी नीलम सिंह राजपूत सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि प्रतिभा को उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले तो विद्यार्थी हर मंच पर सफलता का परचम लहरा सकते हैं।



