राजनांदगांव. शहर के चिखली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात आपसी विवाद के बाद एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना रात करीब 11 बजे के आसपास की बताई जा रही है। मृतक की पहचान पप्पू देशमुख उर्फ सत्यजीत देशमुख के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शहर के चर्चित देशमुख होटल संचालक का छोटा भाई था। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देर रात किसी बात को लेकर पप्पू देशमुख का क्षेत्र के ही रहने वाले बबलू साहू, सोमेश साहू, विक्की साहू और मुकेश साहू के साथ विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि बातचीत और कहासुनी के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान पप्पू देशमुख पर हमला किया गया, जिसमें उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही चिखली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हिरासत में लिए गए लोगों में बबलू साहू, सोमेश साहू, विक्की साहू और मुकेश साहू के नाम सामने आ रहे हैं।
पुलिस फिलहाल हत्या के वास्तविक कारण और विवाद की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और हत्या में किन लोगों की प्रत्यक्ष भूमिका रही। पुलिस की पूछताछ और जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
देर रात हुई इस वारदात के बाद चिखली थाना क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है तथा आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


