भिलाई नगर. वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रिकेश सेन ने युवाओं और आम नागरिकों को शिक्षा, रोजगार, डिजिटल सशक्तिकरण और व्यक्तिगत विकास से जोड़ने के उद्देश्य से 16 जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की है। इन योजनाओं का मुख्य लक्ष्य क्षेत्र के Gen Z युवाओं को शिक्षा, रोजगार, तकनीकी दक्षता और आधुनिक सुविधाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।
इन योजनाओं के लिए 10 अगस्त को लोकांगन परिसर में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां पात्र युवा और नागरिक Gen Z फॉर्म भरकर पंजीयन करा सकेंगे। विधायक रिकेश सेन ने कहा कि बदलते समय में युवाओं को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि रोजगार, तकनीकी ज्ञान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
योजनाओं के तहत युवाओं को निःशुल्क लर्निंग लाइसेंस उपलब्ध कराया जाएगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को निःशुल्क वाई-फाई सुविधा दी जाएगी ताकि वे डिजिटल माध्यम से पढ़ाई कर सकें। वहीं 12वीं पास युवाओं को निजी क्षेत्र में 10 हजार रुपये मासिक वेतन वाली नौकरी उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है, जिससे उन्हें रोजगार के अवसर मिल सकें।
उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे बीए, बीकॉम और बीएससी के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क कोचिंग की सुविधा होगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को भी फ्री प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही कंप्यूटर सीखने के इच्छुक बच्चों के लिए निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है, ताकि वे डिजिटल युग की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें।
योजनाओं में युवाओं और बच्चों के लिए कई प्रोत्साहनकारी पहल भी शामिल हैं। जन्मदिन पर मूवी टिकट, पांच लीटर पेट्रोल और केक उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। वहीं दीपावली के अवसर पर बच्चों को विशेष उपहार दिए जाएंगे।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोटा (राजस्थान) में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क हॉस्टल सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को राहत मिल सके।
विधायक रिकेश सेन ने धार्मिक आस्था को भी योजनाओं से जोड़ा है। इसके तहत वैशाली नगर विधानसभा के पात्र Gen Z युवाओं को देश के किसी भी धार्मिक स्थल के दर्शन के लिए जाने पर एक तरफ का ट्रेन किराया निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अलावा विधायक के जन्मदिवस के अवसर पर 30 से 60 वर्ष आयु वर्ग के शिक्षित महिला एवं पुरुषों के लिए निःशुल्क कंप्यूटर साक्षरता प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को डिजिटल रूप से सक्षम बनाना और उन्हें तकनीकी ज्ञान से जोड़ना है।
विधायक रिकेश सेन की इन 16 योजनाओं को क्षेत्र में शिक्षा, रोजगार, डिजिटल सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण की दिशा में एक व्यापक पहल माना जा रहा है। 10 अगस्त को आयोजित पंजीयन शिविर के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को इन योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया प्रारंभ होगी।


