खैरागढ़. नगर के दाऊचौरा निवासी शिक्षिका मर्सी बचइया (48 वर्ष), जो शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे का शिकार हुई थीं, आखिरकार जिंदगी की जंग हार गईं। रायपुर एम्स (AIIMS) में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस खबर के बाद शिक्षा जगत और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, मर्सी बचइया अमलीपारा स्थित वेसलियन इंग्लिश मीडियम स्कूल में शिक्षिका थीं। शनिवार सुबह करीब 8:45 बजे वे अपने पुत्र के साथ बाइक पर सवार होकर स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान किल्लापारा के पास उनकी साड़ी का पल्लू अचानक बाइक के पिछले पहिये में फंस गया। झटके के साथ वे सड़क पर सिर के बल गिर पड़ीं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई थी।
इलाज के लिए मची रही जद्दोजहद
हादसे के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल खैरागढ़ ले जाया गया था, जहाँ से उन्हें राजनांदगांव और फिर दुर्ग के निजी अस्पताल रेफर किया गया। स्थिति में सुधार न होते देख परिजनों ने उन्हें रायपुर एम्स में भर्ती कराया था। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी गंभीर चोटों के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।
क्षेत्र में शोक की लहर
शिक्षिका मर्सी बचइया अपने मृदुभाषी व्यवहार और अध्यापन शैली के लिए जानी जाती थीं। उनके निधन पर स्कूल प्रबंधन और उनके छात्रों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

