खैरागढ़. खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को प्रशासकीय मंजूरी मिली है। विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा के विशेष प्रयासों से भीमपुरी से बोरई पहुंच मार्ग के 5 किलोमीटर निर्माण के लिए 475.53 लाख रुपये यानी करीब 4.75 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। बजट में प्रावधान के बाद मिली इस स्वीकृति से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
विधायक निवास पहुंचकर जताया आभार
बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर बोरई और आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण खैरागढ़ स्थित विधायक निवास पहुंचे। ग्रामीणों ने विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा से मुलाकात कर सड़क निर्माण की मंजूरी के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी और क्षेत्र को मिली इस सौगात पर खुशी जताई।
किसानों और विद्यार्थियों को मिलेगी राहत
ग्रामीणों ने बताया कि भीमपुरी से बोरई तक सड़क निर्माण होने से क्षेत्र में आवागमन काफी सुगम हो जाएगा। खासकर बरसात के दिनों में सड़क की खराब स्थिति के कारण होने वाली परेशानियों से किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। पक्की सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन के साथ-साथ रोजमर्रा की आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में भी सहूलियत होगी।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
आभार व्यक्त करने के दौरान बोरई सरपंच संगीता हुलास साहू, छुईखदान युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गौकरण जंघेल, हिमाचल, भगवती जंघेल, विष्णु सेन, मनहरन साहू, दशरथ साहू, राजेंद्र जंघेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।





