खैरागढ़. जिले के बकरकट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गेरुखदान में बुधवार को एक युवक द्वारा अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से झुलसे युवक को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल आत्मदाह के प्रयास के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गेरुखदान निवासी योगेश मरकाम (18 वर्ष), पिता रोहित मरकाम ने अज्ञात कारणों से अपने शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही साल्हेवारा से तत्काल एम्बुलेंस मौके पर भेजी गई। एम्बुलेंस के माध्यम से घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साल्हेवारा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आत्मदाह के प्रयास के पीछे क्या वजह रही, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है और विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
इस संबंध में बकरकट्टा थाना प्रभारी आलोक साहू ने बताया कि घायल युवक के परिजनों की ओर से अब तक थाने में किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत प्राप्त होने अथवा तथ्यों के सामने आने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


