दुर्ग. नगर के आर्य नगर इलाके में शुक्रवार को एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पारिवारिक तनाव के चलते दंपती ने आत्मघाती कदम उठाया, जबकि उनके दो मासूम बच्चों की जहर सेवन से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45 वर्ष), उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष), पुत्री दृष्णा साहू (13 वर्ष) और पुत्र यशांत साहू (11 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घर के भीतर पति-पत्नी के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले, जबकि दोनों बच्चों की हालत गंभीर अवस्था में मिली। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में बच्चों द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही Mohan Nagar Police टीम मौके पर पहुंची और पूरे घर को सील कर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक विभाग की टीम भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयान के आधार पर आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
आर्य नगर की इस दर्दनाक घटना ने पूरे दुर्ग शहर को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोग परिवार को शांत और सामान्य बताते रहे हैं, ऐसे में एक साथ चार मौतों की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया।


