खैरागढ़. शासकीय हाई स्कूल अमलीपारा, खैरागढ़ में शुक्रवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता से ओतप्रोत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हाई स्कूल एवं मिडिल स्कूल अमलीपारा के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर रंगोली, पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, देशभक्ति और राष्ट्रसेवा को अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्रदान किए जाने की घोषणा विद्यालय के प्राचार्य द्वारा की गई। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रहित और समाज सेवा के प्रति सदैव जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत सभी छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ को नशे से दूर रहने और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। इसके बाद विद्यालय परिवार द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों ने नशा छोड़ो-जीवन जोड़ो, नशा मुक्त भारत-स्वस्थ भारत जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया।

कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त शिक्षकीय स्टाफ, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और जनजागरण का संदेश प्रभावी रूप से देखने को मिला।





