रायपुर. राजधानी रायपुर में होने वाले IPL मुकाबलों को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। नया रायपुर स्थित Shaheed Veer Narayan Singh International Cricket Stadium में होने वाले हाई वोल्टेज मैचों के लिए सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। प्रशासन का दावा है कि इस बार दर्शकों को बेहतर और व्यवस्थित अनुभव देने के लिए तकनीक और सुरक्षा दोनों स्तरों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
स्टेडियम में दर्शकों की एंट्री के लिए कुल 12 गेट बनाए गए हैं। सभी प्रवेश द्वारों पर ऑनलाइन ई-टिकट स्कैनिंग और बारकोड वेरिफिकेशन की व्यवस्था रहेगी। केवल सत्यापित टिकट धारकों को ही प्रवेश मिलेगा। नेटवर्क और इंटरनेट संबंधी दिक्कतों से बचने के लिए प्रत्येक गेट पर फ्री वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि टिकट स्कैनिंग प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।
दर्शकों के लिए स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे से खोल दिए जाएंगे। वहीं खिलाड़ियों और टीम बसों की आवाजाही के लिए अलग विशेष रूट निर्धारित किए गए हैं, जिससे टीमों की आवाजाही बिना ट्रैफिक बाधा के सुचारु रूप से हो सके।
मैच के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। स्टेडियम तक पहुंचने के लिए पांच प्रमुख मार्ग तय किए गए हैं, जहां ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती रहेगी। शहर के प्रमुख चौराहों और स्टेडियम मार्गों पर लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि जाम जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी बड़ा प्लान तैयार किया गया है। पार्किंग पास धारकों के लिए A से G तक अलग-अलग पार्किंग जोन बनाए गए हैं। वहीं जिन दर्शकों के पास पार्किंग पास नहीं होगा, उनके लिए चार सामान्य पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। बाइक और कार पार्किंग की अलग व्यवस्था की गई है। बिना पास वाले दर्शकों को कार पार्किंग के लिए 50 रुपए और बाइक पार्किंग के लिए 20 रुपए शुल्क देना होगा।
IPL मुकाबलों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए करीब 1500 पुलिसकर्मियों, ट्रैफिक जवानों और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। स्टेडियम परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर रहेंगी। प्रशासन का कहना है कि दर्शकों की सुरक्षा और सुगम व्यवस्था उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।


