खैरागढ़. शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुंदेली में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों के छायाचित्रों पर पूजन-अर्चन के बाद राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान से हुई। संस्था के प्राचार्य सीआर श्रीवास ने ध्वजारोहण किया। स्काउट-गाइड एवं रेडक्रॉस के विद्यार्थियों सहित उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज को नमन किया। इस अवसर पर सरपंच दिवाकर सोनी, एसएमडीसी अध्यक्ष अशोक पाल, उत्तम गुप्ता सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। प्राचार्य श्रीवास ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद विद्यार्थी बैंड की धुन पर कतारबद्ध होकर प्रभात फेरी में निकले। प्रभात फेरी के दौरान स्वामी आत्मानंद वाचनालय और ग्रामीण बैंक में ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद विद्यार्थी ग्राम के चौक-चौराहों से होते हुए ग्राम पंचायत भवन पहुंचे, जहां सरपंच दिवाकर सोनी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उपसरपंच, सभी पंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रभात फेरी मुख्य कार्यक्रम स्थल माध्यमिक शाला प्रांगण पहुंची। यहां प्राचार्य सीआर श्रीवास तथा प्रधान पाठक दिनेश कंवर एवं श्रीमती कमलेश सोनी ने ध्वज वंदन कर ध्वजारोहण किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में सरपंच दिवाकर सोनी और अशोक पाल अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्राचार्य श्रीवास ने विद्यालय की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी ग्रामीणों को दी।
सरपंच दिवाकर सोनी ने कहा कि उनके कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा, पेयजल, पर्यावरण, नाली और विद्युत व्यवस्था सहित गांव के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने उन पर विश्वास जताकर सेवा का अवसर दिया है, इसलिए उस विश्वास पर खरा उतरना उनका कर्तव्य है। उन्होंने बुजुर्गों से निरंतर मार्गदर्शन और आशीर्वाद की अपेक्षा भी जताई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति भाषण, कविता, गीत और नृत्य की प्रस्तुतियों से सभी को भावविभोर कर दिया। छत्तीसगढ़ की संस्कृति पर आधारित गीत-नृत्य ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। महिषासुर वध की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता डॉ. सियाराम साहू ने किया। गौ विज्ञान परीक्षा में राज्य स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन करने वाली छात्रा कविता निर्मलकर का सम्मान किया गया। आभार प्रदर्शन माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक दिनेश कंवर ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।


