खैरागढ़. खेत की जोताई के दौरान बिजली के करंट की चपेट में आने से 43 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मंगलवार को ग्राम बैगाटोला में हुआ। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं किसान की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बैगाटोला निवासी महेश वर्मा (43) मंगलवार को अपने खेत में जोताई का काम कर रहे थे। इसी दौरान खेत में लगे बोरवेल के बिजली तार की चपेट में आ गए। तार के संपर्क में आते ही उन्हें तेज करंट का झटका लगा और वे गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर गिर पड़े।
हादसा होते देख आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और किसान को बचाने का प्रयास किया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए खैरागढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद महेश वर्मा को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। कम उम्र में किसान की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
खेत में बोरवेल के बिजली तार की चपेट में आने से हुई इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर खेतों में बिजली व्यवस्था की सुरक्षा और खुले अथवा असुरक्षित विद्युत तारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे से ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल है।


