खैरागढ़. जिला मुख्यालय में रविवार सुबह तेज रफ्तार और लापरवाही का एक और मामला सामने आया। किल्लापारा क्षेत्र में इतवारी बाजार की ओर से आ रही तेज रफ्तार माजदा ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार प्रीत चंद्राकर, उम्र करीब 27 वर्ष, निवासी अमलीपारा, गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद माजदा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, प्रीत चंद्राकर रविवार सुबह करीब 11 बजे अपनी बाइक से बाजार की ओर आ रहे थे। इसी दौरान किल्लापारा में इतवारी बाजार की ओर से तेज गति से आ रही माजदा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रीत बाइक से उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में उनके दाहिने पैर में गंभीर चोट आई है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल हाईवे पेट्रोलिंग वाहन को सूचना दी। सूचना मिलने पर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल प्रीत चंद्राकर को उपचार के लिए सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।
मालवाहक वाहन में सवारी, फिर भी नहीं थम रही लापरवाही
हादसे के बाद मालवाहक माजदा में बड़ी संख्या में लोगों के सवार होने की बात भी सामने आई है। इसे लेकर यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यातायात पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाकर ले जाने वाले वाहन चालकों को समझाइश देने के साथ चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। इसके बावजूद कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हुए लोगों की जान जोखिम में डालकर मालवाहक वाहनों में सवारी ढोते नजर आते हैं।
मालवाहक वाहनों में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में गंभीर जनहानि का कारण भी बन सकता है। रविवार को हुए हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की जरूरत को सामने ला दिया है।
फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद माजदा चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और फरार माजदा वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में वाहन की जानकारी जुटाने के साथ घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।


