खैरागढ़. जिले में बढ़ते सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से केसीजी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यातायात शाखा खैरागढ़ ने शुक्रवार को खतरनाक एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान दो मालवाहक वाहनों को खतरनाक तरीके से सड़क पर लहराते हुए चलाते पाए जाने पर मौके पर ही जब्त कर लिया गया। दोनों चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 10 हजार रुपये का चालान किया गया।

यातायात शाखा के अनुसार विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीम शहर में यातायात व्यवस्था पर नजर रख रही थी। इसी दौरान दो मालवाहक वाहन चालक अपने वाहनों को अत्यधिक लापरवाही और खतरनाक ढंग से चलाते मिले, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।
पुलिस ने प्रत्येक वाहन चालक पर 5-5 हजार रुपये, कुल 10 हजार रुपये का चालान किया। कार्रवाई के साथ ही चालकों को कड़ी समझाइश भी दी गई कि सार्वजनिक सड़क पर लापरवाही, ओवरस्पीडिंग और खतरनाक तरीके से वाहन चलाना गंभीर अपराध है, जिससे न केवल उनकी बल्कि अन्य लोगों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर की सड़कों पर रेस ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, स्टंटबाजी और हुड़दंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

केसीजी जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। पुलिस का कहना है कि जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कठोर चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


