खैरागढ़/गंडई. जिले में नशे और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंडई पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 58 पौवा देशी मसाला रोमियो शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति अवैध बिक्री के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में शराब का परिवहन कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना गंडई पुलिस ने शराब भट्ठी रोड स्थित नहर नाली एवं शवगृह के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विकेश टंडन पिता नंदकुमार टंडन (27 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 14, टिकरीपारा गंडई, थाना गंडई, जिला केसीजी को मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 AH 8802 के साथ पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक बोरी में रखी 29 पौवा देशी मसाला रोमियो शराब बरामद हुई।

इसी दौरान पुलिस ने पुरुषोत्तम टंडन पिता गोपाल दास टंडन (28 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 08, रावणपारा गंडई, थाना गंडई, जिला केसीजी को भी पकड़ा। उसके पास मौजूद थैले की तलाशी लेने पर 29 पौवा देशी मसाला रोमियो शराब बरामद की गई।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से शराब के परिवहन एवं कब्जे के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे कोई वैधानिक दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों के कब्जे से बरामद कुल 58 पौवा देशी मसाला रोमियो शराब (10.440 बल्क लीटर), जिसकी अनुमानित कीमत 5,800 रुपये है, तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।
गंडई पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 189/2026 एवं 190/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब कारोबार, नशे और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


