खैरागढ़/गंडई. क्षेत्र में बीते करीब 48 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। कई छोटे पुल-पुलिया जलमग्न हो चुके हैं। इसके बावजूद कुछ राहगीर लापरवाही बरतते हुए तेज बहाव के बीच पुल पार करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला धमधा-गंडई मार्ग पर स्थित दनिया पुल पर देर रात सामने आया, जहां पुल के करीब तीन फीट ऊपर से बह रहे पानी के बीच कार पार करने की कोशिश करना पांच लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकता था। हालांकि, समय रहते गंडई पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से पांचों लोगों की जान बच गई, जबकि तेज बहाव में कार बह गई।

जानकारी के अनुसार रायपुर और भिलाई निवासी पांच साथी मध्यप्रदेश के कान्हा राष्ट्रीय उद्यान जाने के लिए निकले थे। देर रात करीब एक बजे वे धमधा-गंडई मार्ग स्थित दनिया पुल पहुंचे। पुल के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी बह रहा था। इसके बावजूद कार सवारों ने पानी की गहराई और बहाव का सही अंदाजा नहीं लगाया और कार को पुल से पार कराने लगे। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पुल पर ही फंस गई। देखते ही देखते कार पानी में बहने लगी।
डायल 112 पर किया फोन, मौके पर पहुंची पुलिस
मुसीबत में फंसे कार सवारों में से एक युवक ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम और गंडई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय नदी का बहाव बेहद तेज था और कार धीरे-धीरे पानी में समा रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी गंडई शिव शंकर गेंदले ने तत्काल बचाव अभियान शुरू करने का निर्णय लिया।
थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ नदी में उतरकर कार में फंसे पांचों लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। तेज बहाव के बीच पुलिस टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार पुलिस की सूझबूझ और तत्परता से पांचों लोगों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, इस दौरान कार तेज बहाव में बह गई।
ये पांच लोग थे कार में सवार
पुलिस के अनुसार कार में कमलेश साहू पिता लिलकू साहू (25), रामनगर गुढ़ियारी रायपुर; निहाल सक्सेना पिता महेश सक्सेना (21), कृष्णा नगर गुढ़ियारी रायपुर; कुबेर साहू पिता मनोहर साहू (25), कृष्णा नगर गुढ़ियारी रायपुर; प्रीति रात्रे पिता सुरेश रात्रे (20), केम-01 रामपुर भिलाई; और महेक कौर पिता रशपाल कौर (21), भिलाई पावर हाउस निवासी शामिल थे। पांचों मध्यप्रदेश के कान्हा केसली जाने के लिए निकले थे।
पुलिस ने की अपील—बहाव में पुल पार न करें
घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान यदि किसी पुल-पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा हो तो उसे पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं। तेज बहाव की वास्तविक गहराई और गति का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है और कुछ ही क्षणों में वाहन समेत व्यक्ति पानी की चपेट में आ सकता है। पुलिस ने लोगों से नदी-नालों और जलमग्न पुल-पुलियों से दूरी बनाए रखने तथा अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।


