खैरागढ़/गंडई. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के गंडई और नर्मदा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के लिए पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त और विजिबल पुलिसिंग अभियान चलाया। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव एवं पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान गंडई के शहरी और ग्रामीण इलाकों में पुलिस जवानों ने पैदल गश्त की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी गंडई के नेतृत्व में सीएएफ बल, गंडई अनुभाग के सभी थाना-चौकी प्रभारियों एवं जवानों ने अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान क्षेत्र के गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों की जांच की गई। वहीं, अवैध जुआ-सट्टा संचालित करने वालों तथा अवैध शराब बिक्री में संलिप्त लोगों की चेकिंग कर उन्हें भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों के अनुसार, विजिबल पुलिसिंग का उद्देश्य आम नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास कायम करना है।


