खैरागढ़. धान खरीदी शुरू होने के साथ ही केंद्रों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसे लेकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सक्रिय नजर आए। शुक्रवार को उन्होंने छुईखदान ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान वे ग्राम भूरभूसी, संबलपुर, सुखरी पथर्रा और ढाबा स्थित धान खरीदी केंद्र पहुंचे और खरीदी प्रक्रिया की बारीकियों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विक्रांत सिंह ने विशेष रूप से नवनिर्मित एवं नए खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया। उन्होंने समिति के कर्मचारियों को निर्देशित किया कि इन केंद्रों में धान खरीदी का संचालन पूरी तरह सुचारू रखा जाए तथा किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए केंद्र स्तर पर आवश्यक सुविधाओं और उचित प्रबंधन को प्राथमिकता देने की बात कही।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और सुगम होनी चाहिए। किसानों की उपज की तौल, दस्तावेजों के सत्यापन और टोकन व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अन्नदाताओं की सुविधा और उनकी मेहनत की उपज का उचित प्रबंधन हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। सरकार और प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को अपनी उपज बेचने के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान श्यामपाल ताम्रकार, राजेश मेहता और लीलाराम साहू सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित रहे।




