खैरागढ़/गंडई. ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में छुईखदान ब्लॉक के ग्राम पंचायत बरबसपुर, आश्रित ग्राम नेवासपुर और लालपुर के आश्रित ग्राम इरिमकसा में कुल 12.5 लाख रुपए की लागत से निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
ग्राम पंचायत बरबसपुर में 5 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र, ग्राम नेवासपुर में 5 लाख रुपए की लागत से बने प्रार्थना शेड तथा ग्राम इरिमकसा में 2.5 लाख रुपए की लागत से निर्मित महिला समूह भवन का विधिवत लोकार्पण किया गया। इन सुविधाओं से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर विभिन्न सेवाओं और गतिविधियों का लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर विक्रांत सिंह ने कहा कि शासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। डिजिटल सेवा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न ऑनलाइन सेवाएं गांव में ही उपलब्ध हो सकेंगी। वहीं महिला समूह भवन महिलाओं को सामूहिक गतिविधियों के संचालन और आत्मनिर्भरता की दिशा में कार्य करने के लिए सुविधा प्रदान करेगा।
नदी तट पर पौधरोपण
लोकार्पण कार्यक्रम के समापन पर सेवा संकल्प अभियान के तहत बरबसपुर स्थित शिव मंदिर के समीप नदी तट पर पौधरोपण किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर, जनपद उपाध्यक्ष राजू जंघेल, विभिन्न सोसायटी अध्यक्ष, जनपद सदस्य सरिता पटेल, सरपंच आकाश बंजारे, चुरावन टंडन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, महिला समूहों की सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


