खैरागढ़. आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव में पार्टी अध्यक्ष पद के साथ ही सभी 20 वार्डों में पार्षद प्रत्याशी उतारकर पूरी ताकत से चुनाव लड़ने की तैयारी में है। इसी रणनीति को जमीन पर उतारने और संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का खैरागढ़ दौरा हुआ। स्थानीय विश्राम गृह में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति, संगठन विस्तार और चुनावी प्रबंधन को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व की मौजूदगी में हुआ मंथन
बैठक में आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री मुकेश अहलावत, प्रदेश सह-प्रभारी समर कुमार, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष देवलाल नरेटी, प्रदेश सचिव देवेंद्र भाटिया, लोकसभा अध्यक्ष भूपेश तिवारी तथा खैरागढ़ चुनाव प्रभारी प्रफुल्ल बैश एवं उज्जवल दीवान प्रमुख रूप से शामिल हुए। खैरागढ़ पहुंचने पर स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सभी अतिथियों का पुष्पहार पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।
अध्यक्ष पद सहित सभी 20 वार्डों में उतरेगी पार्टी
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी खैरागढ़ नगरीय निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के साथ ही सभी 20 वार्डों में अपने पार्षद प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया। इस दौरान दिल्ली और छत्तीसगढ़ के अन्य क्षेत्रों से पहुंचे राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रबंधन, जनसंपर्क और चुनाव में जीत हासिल करने के तौर-तरीकों की जानकारी दी।
जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता की उपस्थिति में हुई बैठक में संगठन को बूथ और वार्ड स्तर तक मजबूत बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से दिल्ली के विकास मॉडल और पार्टी की जनहितकारी नीतियों को लेकर जनता के बीच पहुंचने की अपील की। साथ ही आगामी चुनाव में एकजुट होकर सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में जिला महासचिव श्याम मूर्ति नायडू, धनवंती मिश्रा, चित्रा गुरुदेव (मानपुर-मोहला प्रभारी), संतोष यादव (लोकसभा उपाध्यक्ष), अजय सिंह (विधानसभा प्रभारी), जितेंद्र सोनी (जिला उपाध्यक्ष), देवगन जंघेल (जिला किसान अध्यक्ष), राजेश मारकंडे (खैरागढ़ ब्लॉक अध्यक्ष), भरथरी वर्मा (जलबांध ब्लॉक अध्यक्ष) सहित अज्जू बजारे, रानी राजलक्ष्मी तिवारी, निलेश सोनी, संतराम जोशी, लक्खा पाटील, पंचूराम पाल, सीमा खान, त्रिष्णा, रानी खान, महेश माली, मुकेश वर्मा, जाहिद खान, टोमन जोशी, श्यामलाल, तिजे राम, देवेश सिंह, तुलाराम साहू, पद्मिता गुनी, लीला साहू एवं जल कुवर यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




