गंडई. थाना गंडई पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम भुरभुसी में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आठ जुआरियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3,220 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही अन्य सामग्री जब्त की है। दोनों मामलों में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 19 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भुरभुसी में दुर्गा मंच के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश से हार-जीत का दांव लगाकर काट पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी और चार आरोपियों को पकड़ा।
इनमें लेखराम साहू (30), दिलहरण साहू (35), राजेन्द्र साहू (41) और भागीराम साहू (73) शामिल हैं। सभी ग्राम भुरभुसी, थाना गंडई के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे और जुआ फड़ से 1,480 रुपये नकद तथा 52 पत्ती ताश जब्त की। इस मामले में अपराध क्रमांक 331/2026 दर्ज किया गया है।
स्कूल के पास भी चल रहा था जुआ
इसी दिन ग्राम भुरभुसी के स्कूल के पास जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस ने दूसरी कार्रवाई की। यहां कुमार साहू (46), सीताराम खण्डवे (36), सुरेश टंडन (34) और फालेन्द्र चतुर्वेदी (40) को ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़ा गया। सभी आरोपी ग्राम भुरभुसी के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे और जुआ फड़ से 1,740 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश तथा एक प्लास्टिक की बोरी जब्त की। इस मामले में अपराध क्रमांक 332/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में पकड़े गए आठों आरोपियों को गिरफ्तार कर जमानत मुचलके पर छोड़ा गया है। थाना गंडई पुलिस ने क्षेत्र में अवैध रूप से ताश-पत्ती का जुआ खेलने वालों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।


