खैरागढ़. दीपावली पर्व की खुशियां साझा करने और गांव की समस्याओं को सामने रखने के लिए छुईखदान ब्लॉक के ग्राम पंचायत कोहलाटोला के आश्रित ग्राम गड़बंजा के ग्रामीणों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह से उनके खैरागढ़ स्थित निवास पर सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें दीपावली पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। आत्मीय मुलाकात के बीच ग्रामीणों ने गांव की वर्तमान स्थिति, मूलभूत समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की।
पीएम आवास निर्माण सहित गांव के विकास पर हुई चर्चा
ग्रामीणों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष को गांव की विभिन्न समस्याओं और जरूरतों से अवगत कराते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गांव में पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों के पक्के मकानों का निर्माण कार्य जारी है। योजना से कच्चे मकानों में रहने वाले और आवास की जरूरत वाले परिवारों को पक्का आशियाना मिल रहा है। विक्रांत सिंह ने ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा शासन स्तर पर उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया।
महतारी वंदन की राशि मिलने पर महिलाओं ने जताई खुशी
मुलाकात के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने महिलाओं से प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन और उन्हें मिल रहे लाभ की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि योजना के तहत उनके बैंक खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता नियमित रूप से प्राप्त हो रही है। महिलाओं ने योजना के माध्यम से आर्थिक संबल प्रदान करने और उन्हें सशक्त एवं स्वावलंबी बनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने गांव आने का दिया न्योता
दीपावली की शुभकामनाओं और विभिन्न विषयों पर चर्चा के बाद ग्रामीणों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह को गड़बंजा आने का आत्मीय निमंत्रण दिया। श्री सिंह ने ग्रामीणों का आमंत्रण स्वीकार करते हुए जल्द ही गांव पहुंचकर वहां की स्थिति और समस्याओं का जायजा लेने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, भावेश कोचर, रोशन चंद्राकर, मंगली बाई कंवर, सुरतन बाई कंवर, रामशिला बाई कंवर, रमेश यादव, चोवाराम कंवर, रामावतार यादव, ईश्वर राम कंवर, भारत राम नेताम, नरेश कंवर, भगवंतीन यादव, मिलाप बाई मरकाम सहित बड़ी संख्या में ग्राम गड़बंजा के महिला एवं पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे।




