खैरागढ़. दीपावली की शाम खैरागढ़-डोंगरगढ़ मुख्य मार्ग पर ग्राम घोटिया और टोलागांव के बीच सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सूत्रों के अनुसार ग्राम मासूल निवासी धर्मेंद्र पाल के रूप में हुई है। घटनास्थल पर शव के पास ही एक मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 AT 5612 भी बरामद हुई है। इसके अलावा मौके से ज्वेलरी शॉप की एक रसीद और एक बैग भी मिला है। घटना की सूचना मिलते ही 112 और खैरागढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे कुछ ग्रामीणों ने युवक को मुख्य मार्ग के किनारे बैठे देखा था। ग्रामीणों ने जब उससे हालचाल पूछा तो उसने खुद को नाचा पार्टी से जुड़ा बताया और कहा कि रात में कार्यक्रम होने के कारण उसकी नींद पूरी नहीं हुई है, इसलिए वह यहां बैठकर आराम कर रहा है उसके बाद ग्रामीण वहां से चले गए।

हालांकि, शाम को जब ग्रामीण दोबारा उसी रास्ते से गुजरे तो युवक उसी स्थान पर बेसुध हालत में पड़ा मिला। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब उसकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद तत्काल 112 को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए खैरागढ़ शवगृह भेज दिया गया।

युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। मौत की असल वजह का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




