खैरागढ़. दीपावली त्योहार के मद्देनजर आम लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष सघन प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में 5 नवंबर 2026 को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छुईखदान क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की। इस दौरान अखाद्य रंग से तैयार मिठाइयां और अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे खाद्य पदार्थ मौके पर ही नष्ट कराए गए।


नियंत्रक खाद्य सुरक्षा दीपक अग्रवाल के निर्देशन एवं अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के मार्गदर्शन में टीम ने छुईखदान स्थित मेसर्स जैन जलपान गृह का निरीक्षण किया। यहां से लाल पेड़ा और नमकीन सेव के नमूने संकलित किए गए। इसके अलावा ढिमरीन कुआं क्षेत्र स्थित यादव होटल से मिनी पेड़ा और गुलाबजामुन के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
अखाद्य रंग की मिठाई और अस्वच्छ खाद्य सामग्री नष्ट
निरीक्षण के दौरान अखाद्य रंग से तैयार लगभग 5 किलोग्राम जलेबी और बालूशाही को मौके पर नष्ट कराया गया। वहीं अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित लगभग 20 प्लेट समोसा और भजिया भी नष्ट कराए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को आवश्यक साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंग का उपयोग नहीं करने तथा परिसर को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने बताया कि दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।




