खैरागढ़. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के विरोध में कांग्रेस ने देशव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने पत्रकार वार्ता आयोजित की। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश कांग्रेस महासचिव शाहिद खान शामिल हुए। उनके साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज, जिला कांग्रेस महामंत्री भीखम चंद छाजेड़ और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिरमौर मौजूद रहे।
पत्रकार वार्ता में शाहिद खान ने कहा कि राहुल गांधी मतदाता सूची में कथित वोट चोरी के मुद्दे पर देशभर में आवाज उठा रहे हैं। इसी क्रम में 2 अक्टूबर से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया गया है। इसके तहत 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर लोगों को मतदाता सूची में नाम कटने और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर जागरूक करेंगे।
SIR में 25.55 लाख नाम कटने का दावा
शाहिद खान ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में SIR प्रक्रिया के तहत 19 लाख 13 हजार 504 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। इनमें 6 लाख 42 हजार 223 मृतक मतदाताओं के नाम शामिल बताए गए। उन्होंने इन आंकड़ों के आधार पर कुल करीब 25 लाख 55 हजार नाम हटाए जाने की बात कही। कांग्रेस ने इस प्रक्रिया और मतदाता सूची में नामों के विलोपन को लेकर सवाल उठाए।
महीने में सिर्फ आठ दिन अभियान चलाने पर सवाल
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि निकाय चुनाव के लिए मतदाता सूची में नाम जोड़ने और काटने की प्रक्रिया 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चल रही है, लेकिन उनके अनुसार इसके लिए केवल बुधवार और गुरुवार को ही कार्य करने का आदेश जारी किया गया है। इससे पूरे महीने के बजाय केवल आठ दिन ही यह प्रक्रिया संचालित होने की बात उन्होंने कही। कांग्रेस ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाताओं को सूची में नाम जुड़वाने या सुधार कराने के लिए पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए।
नगर पालिका चुनाव में किस मतदाता सूची का होगा इस्तेमाल?
शाहिद खान ने खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव में इस्तेमाल होने वाली मतदाता सूची को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जानकारी मिल रही है कि निकाय चुनाव विधानसभा की मतदाता सूची के आधार पर कराए जा सकते हैं, जबकि विधानसभा चुनाव हुए करीब ढाई साल बीत चुके हैं। इस अवधि में कई मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है और अनेक नए मतदाता भी पात्र हुए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में नगरीय निकाय चुनावों के लिए नई मतदाता सूची के आधार पर चुनाव होते रहे हैं। ऐसे में प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि आगामी नगर पालिका चुनाव किस मतदाता सूची के आधार पर कराए जाएंगे, ताकि मतदाताओं के बीच किसी तरह का भ्रम न रहे।
31 अक्टूबर के बाद नाम कटने की होगी जांच
कांग्रेस ने अभियान के अगले चरण की जानकारी देते हुए कहा कि 31 अक्टूबर के बाद पार्टी के नेता उन मतदाताओं तक पहुंचेंगे, जिनके नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। कार्यकर्ता संबंधित मतदाताओं से संपर्क कर नाम हटाए जाने का कारण जानेंगे और पूरे मामले की जांच करेंगे। पार्टी का कहना है कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के जरिए मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच उठाया जाएगा और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए चरणबद्ध तरीके से आंदोलन जारी रहेगा।


