खैरागढ़. ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ के अंतर्गत रविवार को खैरागढ़ के इतवारी बाजार में नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। खुले बाजार परिसर में आयोजित इस प्रस्तुति के माध्यम से सेवा भावना, जनभागीदारी, सामाजिक जिम्मेदारी तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। कलाकारों ने संवाद, अभिनय और विभिन्न प्रसंगों के जरिए आम लोगों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने और समाजहित में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।

नुक्कड़ नाटक में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक सुरक्षा, स्वच्छता सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं से जुड़े संदेशों को सहज एवं सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया। बिना किसी औपचारिक मंच के कलाकारों ने सीधे लोगों के बीच पहुंचकर पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने, उपलब्ध शासकीय सेवाओं की जानकारी रखने तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया।

इतवारी बाजार में आयोजित प्रस्तुति को स्थानीय नागरिकों और ग्रामीणों ने रुचि के साथ देखा। बाजार में खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए पहुंचे लोग भी नाटक देखने के लिए रुकते रहे। कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय और सहज संवाद के माध्यम से योजनाओं से जुड़ी जानकारी को मनोरंजक एवं प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य दिनेश वर्मा, पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू, बिसेसर साहू, गोरेलाल वर्मा, रूपेंद्र रजक, रोहित वर्मा, विकेश गुप्ता, हर्ष वर्मा, चंदन गोस्वामी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी खैरागढ़ पुनीत कुमार वर्मा, बोधन जोशी, मनोज कुमार शुक्ला, गगन शर्मा, टोडर सिंह एवं विपिन कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ के तहत आयोजित इस नुक्कड़ नाटक का उद्देश्य शासकीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना, नागरिकों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं से अवगत कराना तथा समाज में जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देना रहा।


