खैरागढ़. महतारी सदन योजना वर्ष 2026-27 के तहत खैरागढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत पवनतरा में 30 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा। इस निर्माण की स्वीकृति प्रक्रिया में क्षेत्रीय विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा के प्रयासों और अनुशंसा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पंचायत संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी पत्र में महतारी सदन निर्माण की अनुशंसा की गई है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत पवनतरा को सौंपी गई है।
महतारी सदन के निर्माण से ग्राम पंचायत क्षेत्र की महिलाओं को विभिन्न गतिविधियों, बैठकों और सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा। इससे महिलाओं को सामूहिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक व्यवस्थित स्थल मिलने की उम्मीद है। इस पहल को ग्रामीण क्षेत्र में महिला सुविधाओं के विस्तार और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पवनतरा में महतारी सदन निर्माण की स्वीकृति मिलने पर विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस स्वीकृति को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसके लिए राज्य सरकार का धन्यवाद किया।


