खैरागढ़. आम आदमी पार्टी (AAP) ने आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर खैरागढ़ में संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने की कवायद तेज कर दी है। 5 अक्टूबर को स्थानीय विश्राम गृह में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, नवनियुक्त पदाधिकारियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में प्रदेश सह-प्रभारी समर कुमार, लोकसभा अध्यक्ष भूपेश तिवारी, खैरागढ़ चुनाव प्रभारी प्रफुल्ल बैश, प्रदेश संगठन कार्यकर्ता उज्जवल दीवान, राजीव यादव और डोंगरगांव विधानसभा प्रभारी ठकुरी राम प्रमुख रूप से शामिल हुए।
खैरागढ़ पहुंचने पर वरिष्ठ नेताओं ने स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। बैठक में संगठन के विस्तार, मजबूती और आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई। नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके नए दायित्वों के लिए बधाई और शुभकामनाएं भी दी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन कार्यकर्ता उज्जवल दीवान ने कार्यकर्ताओं से आगामी नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता की उपस्थिति में दिल्ली और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रदेश एवं राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
समर्थकों के साथ दो लोगों ने ली सदस्यता
पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर खैरागढ़ की रानी राजलक्ष्मी तिवारी और महेश माली ने अपने समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। नए सदस्यों का टोपी और माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया गया। उन्होंने पार्टी के आदर्शों के अनुरूप ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में नवनियुक्त विधानसभा प्रभारी अजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सोनी, जिला महिला अध्यक्ष राजेश्वरी वर्मा, खैरागढ़ ब्लॉक अध्यक्ष राजेश मारकंडे, जलबांध ब्लॉक अध्यक्ष भरथरी वर्मा, दानेश्वर वर्मा, छुईखदान ब्लॉक सचिव एवं जिला महासचिव श्याम मूर्ति नायडू, धनवंती मिश्रा, लोकसभा उपाध्यक्ष संतोष यादव, चित्रा गुरुदेव (मानपुर-मोहला प्रभारी), संतोष यादव (लोकसभा प्रभारी), शिवेंद्र नामदेव (गंडई ब्लॉक अध्यक्ष), पवन ठाकुर, मनहरण वर्मा, अज्जू बजारे, राम जी, नरेन्द्र, देदु यादव और हिरामन कोसरे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।


