खैरागढ़. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा काल के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत खैरागढ़ में बुधवार को जिलास्तरीय ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। राजा फतेह सिंह खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, जनपद पंचायत अध्यक्ष राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी सहित जिलेभर से पहुंचे भाजपा जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को समर्पित 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली में हुए मुख्य ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवा काल के अनुभव साझा किए। संबोधन के बाद भाजपा नेतृत्व में मौजूद सैकड़ों लोगों ने विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया। इस दौरान ‘वंदे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’ और ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ के नारों से पूरा परिसर गूंजता रहा।

इसके बाद मुख्य अतिथि सांसद कमलेश जांगड़े ने ‘सेवा ज्योति मशाल’ प्रज्ज्वलित की। मशाल के साथ सेवा ज्योति रैली राजा फतेह सिंह खेल मैदान से रवाना हुई। रैली अस्पताल चौक, गोल बाजार, इतवारी बाजार और जय स्तंभ चौक होते हुए पुनः फतेह सिंह खेल मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया।
‘दुनिया की नजर भारत पर’—जांगड़े

मुख्य अतिथि कमलेश जांगड़े ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा काल पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश नकारात्मक छवि से बाहर निकलकर आर्थिक समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज दुनिया के देश भारत की ओर देख रहे हैं कि देश किस तरह तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है। अपने 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवा काल में प्रधानमंत्री ने देश को हर क्षेत्र में आगे ले जाने का कार्य किया है और आज विश्व पटल पर भारत की एक अलग पहचान बनी है।


