खैरागढ़. खैरागढ़ पुलिस ने फार्म हाउस से सीसीटीवी कैमरे का पूरा सिस्टम चोरी करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया करीब 25 हजार रुपये का सामान शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तारण साहू (24), पिता दयाराम साहू, निवासी ग्राम खैरबना, थाना गातापार, जिला केसीजी के रूप में हुई है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, अमलीडीह खैरागढ़ के वार्ड क्रमांक 15 निवासी शाहरुख खान (25), पिता इशरार खान ने 20 अगस्त 2026 को थाना खैरागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ढोलीखार, अमलीडीह बड़े पुल के पास स्थित अपनी जमीन पर पोल्ट्री फार्म निर्माण के लिए स्टोर रूम बनाया था, जहां सीसीटीवी सिस्टम लगा था। 19 अगस्त को शाम 5:30 बजे स्टोर रूम में ताला लगाकर वह घर चले गए थे। अगले दिन सुबह 9 बजे लौटने पर ताला टूटा मिला और सीसीटीवी का डीवीआर बॉक्स, राउटर, हार्ड डिस्क व सिम सहित पूरा सिस्टम गायब था। चोरी गए सामान की कीमत करीब 25 हजार रुपये थी।
रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 319/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अज्ञात आरोपी की तलाश के दौरान गोपनीय सूचना के आधार पर तारण साहू को थाने बुलाकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार किया। मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ग्राम खैरबना स्थित उसके घर पहुंची, जहां आरोपी ने चोरी का सामान निकालकर पेश किया। गवाहों के समक्ष डीवीआर, बॉक्स, राउटर, हार्ड डिस्क और सिम सहित पूरा सिस्टम जब्त किया गया। पुलिस ने 24 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे जेल दाखिल कराया गया। कार्रवाई में खैरागढ़ पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।


