खैरागढ़. जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 26 से 29 अक्टूबर तक राजा फतेह सिंह खेल मैदान, खैरागढ़ में किया जाएगा। चार दिवसीय प्रतियोगिता में शालेय खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के उद्घाटन एवं समापन समारोह में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रहेगी।
सांसद करेंगे प्रतियोगिता का शुभारंभ
प्रतियोगिता का उद्घाटन 26 अक्टूबर को सुबह 9 बजे राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पाण्डेय के मुख्य आतिथ्य में होगा। खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा समारोह की अध्यक्षता करेंगी। डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह और भारत स्काउट एवं गाइड छत्तीसगढ़ के जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित हैं।
इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार, जनपद पंचायत खैरागढ़ के अध्यक्ष डॉ. राजेश शैलेन्द्र त्रिपाठी, जनपद पंचायत छुईखदान की अध्यक्ष पुष्पा प्रकाश वर्मा, नगर पालिका परिषद खैरागढ़ की अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर सहित नगर पंचायतों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और जिला पंचायत के सभापति भी उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।
29 अक्टूबर को होगा समापन
प्रतियोगिता का समापन समारोह 29 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे राजा फतेह सिंह खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा आयोग के अध्यक्ष सुधीर गौतम समारोह के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह अध्यक्षता करेंगे।
समापन समारोह में नगर पालिका परिषद खैरागढ़ की अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर, उपाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक खान और पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित हैं। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहेंगे।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर उपलब्ध कराना है। आयोजन से खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही विद्यार्थियों का खेलों के प्रति उत्साह बढ़ेगा।


