खैरागढ़. शहर के तुरकारीपारा में पुरानी बातों को लेकर चाकू और डंडे से हमला कर दहशत फैलाने के मामले में खैरागढ़ पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड प्राप्त हुई। मामले में शामिल दो-तीन अन्य युवकों की तलाश जारी है।
पुलिस की के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 7:30 बजे तुरकारीपारा में हुई। आरोप है कि ठाकुरपारा निवासी लक्ष्य उर्फ लक्की यादव (21), अभिषेक यादव (23), गजेन्द्र उर्फ गज्जू पटेल (24) और उनके साथ मौजूद दो-तीन अन्य युवकों ने पुरानी बातों को लेकर गाली-गलौज की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। घटना में तुरकारीपारा निवासी सुरेन्द्र सारथी (55), पिता इतवारी राम सारथी और ओम सारथी (25), पिता राजेश सारथी घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर घायलों को जिला अस्पताल भेजकर मुलाहिजा कराया और उपचार की व्यवस्था की। इसके बाद थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी गई और घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया गया।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
सुरेन्द्र सारथी की रिपोर्ट पर थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 376/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 118(1), 351(3) और 3(5) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। गिरफ्तार आरोपियों को 22 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। खैरागढ़ पुलिस ने कहा है कि समाज में भय का वातावरण बनाने वाले आरोपियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में खैरागढ़ पुलिस स्टाफ और साइबर सेल टीम का सराहनीय योगदान रहा।


