खैरागढ़/ठेलकाडीह. क्षेत्र में संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के नियमों और दस्तावेजों की जांच के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अनिल शुक्ला के निर्देश पर 22 अक्टूबर 2026 को एनएचए विभाग की टीम ने विभिन्न क्लीनिकों एवं अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य संस्थानों के संचालन के लिए आवश्यक वैध दस्तावेजों एवं प्रमाण-पत्रों की उपलब्धता की जांच करना था। टीम में चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज वैष्णव, डॉ. मोहम्मद असलम एवं डॉ. एच.एस. साहू शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान संजीवनी क्लीनिक में डॉ. राधेश्याम देवांगन संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। वहीं, नागेश्वर वर्मा द्वारा संचालित क्लीनिक में भी आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। एसेस हॉस्पिटल के संचालन से संबंधित जरूरी वैध दस्तावेज भी निरीक्षण के दौरान प्रस्तुत नहीं किए जा सके। दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ पैथोलॉजी द्वारा वैध प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किया गया।
दस्तावेज जमा करने के निर्देश, कार्रवाई की चेतावनी
निरीक्षण के बाद संबंधित क्लीनिकों एवं अस्पताल के संचालकों को आवश्यक दस्तावेज और प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने की समझाइश दी गई। जिन संचालकों के पास वैध दस्तावेज उपलब्ध हैं, उन्हें एनएचए कार्यालय में उपस्थित होकर संबंधित दस्तावेज संलग्न करने तथा नियमानुसार ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
टीम ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने अथवा नियमों का पालन नहीं करने की स्थिति में लागू नियमों एवं प्रावधानों के तहत अनुशासनात्मक, दंडात्मक और अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।


