खैरागढ़. नगर पालिका चुनाव की सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। दिसंबर के पहले सप्ताह में चुनाव संपन्न होने की संभावना के बीच इस बार अध्यक्ष पद के लिए अलग से चुनाव होना है। अध्यक्ष की सीट सामान्य महिला के लिए आरक्षित होने के बाद भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों की ओर से भी दावेदारी की संभावनाएं सामने आने लगी हैं।
भाजपा में अध्यक्ष पद के संभावित उम्मीदवारों को लेकर खींचतान की स्थिति बताई जा रही है। पार्टी में करीब छह से सात दावेदार अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं या चुनाव लड़ने की इच्छा जता रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर वर्तमान सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह की धर्मपत्नी शिवांगी भागवत शरण सिंह का नाम भी चर्चा में है। उनके समर्थक सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा से उन्हें टिकट देने की मांग कर रहे हैं।
हालांकि, अब तक भागवत शरण सिंह की ओर से पार्टी संगठन या चुनाव प्रभारी के समक्ष औपचारिक दावेदारी पेश किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। इसके बावजूद नगर में शिवांगी सिंह के नाम को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
भागवत शरण सिंह लंबे समय से पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता होने के साथ सामाजिक गतिविधियों में भी भागीदारी निभाते रहे हैं। वे नगर की नदियों को स्वच्छ रखने और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित ‘निर्मल त्रिवेणी महाभियान’ के संयोजक हैं। इस अभियान से बड़ी संख्या में नगरवासी जुड़े हुए हैं।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि समर्थकों की मांग के बीच शिवांगी सिंह की उम्मीदवारी को लेकर परिवार की क्या भूमिका रहती है और भाजपा संगठन व चुनाव प्रभारी इस पर क्या निर्णय लेते हैं। दूसरी ओर कांग्रेस सहित अन्य दलों में भी अध्यक्ष पद के लिए संभावित चेहरों को लेकर हलचल बढ़ने की उम्मीद है।
राजनीतिक हलकों में संभावना जताई जा रही है कि दीपावली के बाद भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर सकती हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में दावेदारों की सक्रियता और राजनीतिक समीकरणों में और तेजी देखने को मिल सकती है।


