खैरागढ़. जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रविवार को खैरागढ़ थाना क्षेत्र के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में केसीजी पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त और विजिबल पुलिसिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में पैदल गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय, एसडीओपी खैरागढ़ और एसडीओपी गंडई के नेतृत्व में केसीजी पुलिस की टीम ने गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों की जांच की। इसके साथ ही अवैध रूप से जुआ-सट्टा खिलाने वालों तथा अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त लोगों की भी चेकिंग की गई। पुलिस ने संबंधित लोगों को सख्त हिदायत देते हुए भविष्य में किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल नहीं होने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की समझाइश भी दी गई। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के साथ आम नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है। साथ ही पुलिस और जनता के बीच विश्वास कायम करने तथा लोगों को कानून के प्रति जागरूक कर सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।


