खैरागढ़. छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर के उत्पादन और बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद इसकी सप्लाई का मामला सामने आया है। भोपाल से रायपुर जा रहे 15 क्विंटल एनालॉग पनीर से लदे डीआई वाहन को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के साल्हेवारा थाना के सामने पुलिस चेकपोस्ट पर पकड़ लिया गया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने पनीर को जब्त कर उसका विधिक नमूना लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार डीआई वाहन क्रमांक MP 04 WC 8386 द माखन डेयरी, कालापानी भोपाल से 50-50 किलो के 30 बॉक्स में कुल 15 क्विंटल पनीर लेकर श्री बालाजी इंटरप्राइजेज, भाटागांव रायपुर जा रहा था। गुरुवार शाम करीब 6 बजे साल्हेवारा थाने के सामने रूटीन पुलिस चेकपोस्ट पर तैनात जवानों ने वाहन को जांच के लिए रुकवाया। तलाशी के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में पनीर मिलने पर पुलिस ने तत्काल खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वाहन को खैरागढ़ जिला मुख्यालय लाया गया, जहां खाद्य विभाग के अधिकारियों ने पनीर की जांच की।

जांच के दौरान पनीर के बॉक्स पर न तो बैच नंबर अंकित मिला और न ही विनिर्माण एवं अवसान तिथि की जानकारी थी। वाहन चालक भी पनीर के संबंध में कोई स्पष्ट दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने पनीर को एनालॉग पनीर मानते हुए अपने कब्जे में लिया और विधिक नमूना संग्रहित किया। वाहन चालक ने पूछताछ में बताया कि वह इससे पहले भी दो से तीन बार इसी फर्म को पनीर पहुंचा चुका है।
प्रतिबंध के बावजूद बाजार तक कैसे पहुंच रहा पनीर?

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने एनालॉग पनीर के उत्पादन और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बावजूद 15 क्विंटल पनीर का दूसरे राज्य से रायपुर तक पहुंचना खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। जब प्रतिबंध लागू है तो इतनी बड़ी मात्रा में इसका परिवहन और बाजारों में बिक्री कैसे हो रही है? इससे पहले कितनी खेप प्रदेश में पहुंच चुकी हैं और इस कारोबार के पीछे कौन लोग हैं? ये ऐसे सवाल हैं, जिनका जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा। प्रतिबंध के बावजूद खाद्य पदार्थों के नाम पर लोगों की सेहत से हो रहे खिलवाड़ की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?
वाहन और पनीर जब्त, जांच के लिए भेजा जाएगा नमूना
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने बताया कि पनीर और वाहन दोनों को कब्जे में ले लिया गया है। पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा। साथ ही एनालॉग पनीर को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। नमूने की जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई से मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।



